एनएचआरसी ने विवादास्पद गीत को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया

एनएचआरसी ने विवादास्पद गीत को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया

एनएचआरसी ने विवादास्पद गीत को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया
Modified Date: March 18, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: March 18, 2026 8:19 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) एक विवादास्पद गीत ‘‘सरके चुनर’’ के बोल में कथित रूप से ‘‘अश्लील, यौन उत्तेजक और द्विअर्थी’’ शब्दों के इस्तेमाल को लेकर मिली शिकायत के मद्देनजर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गीत के बोल आम जनता, विशेषकर बच्चों के लिए अनुपयुक्त हैं।

संजय दत्त की आगामी फिल्म ‘‘केडी द डेविल’’ के इस गीत को लेकर लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर आक्रोश जताया गया है। हालांकि आधिकारिक यूट्यूब मंच से गीत को हटा दिया गया है।

मामले की कार्यवाही के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आगामी फिल्म के हाल में रिलीज हुए गीत में ‘‘अश्लील, यौन उत्तेजक और द्विअर्थी शब्दों का इस्तेमाल किया गया है जो आम जनता, विशेषकर बच्चों के लिए अनुपयुक्त हैं।’’

शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की सामग्री टेलीविजन, सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक मंचों के माध्यम से ‘‘व्यापक रूप से सुलभ’’ है, जो ‘‘नाबालिगों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है’’।

शिकायतकर्ता ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप की मांग की और उससे मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया।

शिकायतकर्ता ने संबंधित प्रमाणन प्राधिकरण से रिपोर्ट मांगने और ‘‘ऐसी सामग्री को विनियमित करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने’’ के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और परामर्श जारी करने का भी आग्रह किया।

मामले की कार्यवाही के अनुसार शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया मानवाधिकारों का ‘‘उल्लंघन’’ प्रतीत होते हैं।

इसके अनुसार राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की एक पीठ ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत संज्ञान लिया है।

गीतकार रकीब आलम ने संजय दत्त अभिनीत फिल्म “केडी द डेविल” के गीत “सरके चुनर” के “अश्लील बोल” को लेकर हुए विवाद से मंगलवार को दूरी बना ली थी और कहा था कि इस गीत का कन्नड़ संस्करण से अनुवाद किया गया है और शुरुआत में उन्होंने इसे लिखने से इनकार कर दिया था।

चार भाषाओं में डब की गई कन्नड़ फिल्म “केडी द डेविल” 30 अप्रैल को प्रदर्शित होगी।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में