सेप्टिक टैंक में तीन सफाईकर्मियों की मौत पर रायपुर के जिला प्रशासन को एनएचआरसी का नोटिस

Ads

सेप्टिक टैंक में तीन सफाईकर्मियों की मौत पर रायपुर के जिला प्रशासन को एनएचआरसी का नोटिस

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 08:21 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मंगलवार को कहा कि उसने छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में एक निजी अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय हुई तीन सफाई कर्मचारियों की मौत की खबर के संबंध में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।

आयोग ने एक बयान में कहा कि उसने जिला प्रशासन से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी ने कहा है कि उसने मीडिया की इस खबर का स्वतः संज्ञान लिया है कि 17 मार्च को रायपुर जिले के एक निजी अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस के कारण दम घुटने से तीन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई।

आयोग ने कहा कि खबर के अनुसार, इन सफाई कर्मचारियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि न तो अस्पताल प्रबंधन और न ही निजी ठेकेदार ने उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए।

एनएचआरसी ने कहा है कि यदि समाचार सच है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा है।

आयोग ने कहा कि इसलिए उसने रायपुर के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी का कहना है कि रिपोर्ट में जांच की स्थिति का भी उल्लेख होना चाहिए।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश