आइजोल, 25 सितंबर (भाषा) मणिपुर के दो कुकी छात्र नेताओं को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आइजोल से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं को बृहस्पतिवार को आइजोल के खाटला इलाके के एक होटल से पकड़ा गया।
अधिकारी के अनुसार, एजेंसी ने असम राइफल्स की मदद से मिजोरम की राजधानी के पूर्वोत्तर बाहरी इलाके से यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के प्रमुख थांगखोमांग हाओकिप और उसके चालक को हिरासत में लेने के कुछ घंटे बाद यह कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि दोनों छात्र नेता और हाओकिप तथा उसका चालक फिलहाल एनआईए की हिरासत में हैं।
अधिकारी ने कहा कि हाओकिप मणिपुर में कई मामलों में वांछित है, लेकिन दोनों छात्र नेताओं के खिलाफ आरोपों की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।
भाषा
मनीषा
मनीषा
मनीषा