भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी की एनआईए जांच शुरू

Ads

भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी की एनआईए जांच शुरू

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 05:43 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एनआईए को संदेह है कि यह तस्करी भारत में आतंकी हमले करने के लिए रची गई व्यापक साजिश का हिस्सा हो सकती है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए आतंकवाद रोधी एजेंसी ने पाकिस्तान स्थित आतंकी जसवीर चौधरी, उसके भारतीय सहयोगी शुभम कुमार और अन्य अज्ञात व्यक्तियों की कथित भूमिका की जांच के लिए मामला दर्ज किया है।

यह मामला मूल रूप से इस वर्ष फरवरी में पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि चौधरी के निर्देश पर उसके भारतीय सहयोगियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियारों, गोला-बारूद और परिष्कृत विस्फोटक उपकरणों (आईईडी) की एक बड़ी खेप प्राप्त की थी, जिसका उद्देश्य पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में विस्फोट करना था।

इस संबंध में राज्य पुलिस ने 10 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की थी। गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि यह मामला एक ‘विदेशी तत्व’ द्वारा भारत में हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का उपयोग करके आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने के लिए रची गई आपराधिक साजिश से संबंधित है।

आदेश में कहा गया है कि अपराध की गंभीरता, इसके गंभीर सुरक्षा परिणामों, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों और व्यापक साजिश का पर्दाफाश करने की आवश्यकता को देखते हुए, इसकी जांच एनआईए द्वारा की जानी आवश्यक है।

एनआईए ने पिछले महीने पंजाब में हथियार गिराए जाने के मामले की जांच के लिए भी प्राथमिकी दर्ज की थी।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश