एनआईए ने कंबोडिया से जुड़े साइबर गुलामी मामले में तीन राज्यों में छापे मारे

Ads

एनआईए ने कंबोडिया से जुड़े साइबर गुलामी मामले में तीन राज्यों में छापे मारे

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 12:21 AM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 12:21 AM IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मंगलवार को कंबोडिया से जुड़े मानव तस्करी और साइबर गुलामी गिरोह के मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के छह ठिकानों पर छापेमारी की।

एनआईए ने एक बयान जारी कर बताया कि बिहार के गोपालगंज, सिवान, सारण और पूर्वी चंपारण के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी एक-एक स्थान पर तलाशी ली गई।

उसने बताया कि कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजिटल उपकरण और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।

जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी आनंद कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह भारतीय युवाओं को अच्छी नौकरी का झांसा देकर कंबोडिया भेजता था। वहां पहुंचने पर उनके पासपोर्ट जब्त कर उन्हें साइबर ठगी करने वाली कंपनियों के हवाले कर दिया जाता था।

पीड़ितों ने बताया कि इन कंपनियों में काम करने से इनकार करने पर उन्हें बिजली के झटके देना, मारपीट करना, बंधक बनाकर रखना तथा भोजन और पानी से वंचित रखने जैसी यातनाएं दी जाती थीं।

एनआईए ने इस मामले में आनंद के अलावा उसके चार साथियों प्रह्लाद कुमार सिंह, अभय नाथ दुबे, अभिरंजन कुमार और रोहित यादव के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।

फरवरी 2026 में अभय, अभिरंजन और रोहित को कंबोडिया से दिल्ली पहुंचने पर गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा गोला सुभाष

सुभाष