एनआईए ने भीड़ को उकसाने के आरोप में नक्सलियों के एक प्रमुख सहयोगी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया

Ads

एनआईए ने भीड़ को उकसाने के आरोप में नक्सलियों के एक प्रमुख सहयोगी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 09:59 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 09:59 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बृहस्पतिवार को एक प्रतिबंधित माओवादी संगठन के मृत सदस्य के अंतिम संस्कार के दौरान भीड़ को भड़काने के आरोप में नक्सलियों के एक प्रमुख सहयोगी व्यक्ति के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।

हैदराबाद के नामपल्ली में एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल आरोपपत्र में गाडे इन्नैया, उर्फ ​​गाडे इन्ना रेड्डी का नाम शामिल है।

एनआईए का आरोप है कि गाडे ने दो महीने पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी के मृत सदस्य कथा रामचंद्र रेड्डी के अंतिम संस्कार में जुटे लोगों के बीच भड़काऊ बातें कही थीं। गाडे को दिसंबर 2025 में गिरफ्तार किया गया था।

जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि गाडे ने अंतिम संस्कार में मौजूद करीब 200 लोगों की भीड़ को भाकपा (माओवादी) की विचारधारा को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने और क्रांति को कभी खत्म न होने देने के लिए उकसाया।

एजेंसी ने कहा कि उसने भाकपा (माओवादी) के उन पूर्व सदस्यों की भी कड़ी आलोचना की जिन्होंने सरकारी एजेंसियों के सामने हथियार डाल दिए थे।

एनआईए के अनुसार, गाडे भाकपा (माओवादी) के कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के करीबी संपर्क में था और छत्तीसगढ़ के जंगली इलाकों में उनसे मिलता था।

एनआईए ने बताया कि वह ‘भारत बचाओ’ नाम के एक संगठन के जरिए उग्रवादी संगठन की विचारधारा को फैलाने में सक्रिय रूप से शामिल पाया गया। वह इस संगठन का सह-संस्थापक था।

भाषा संतोष माधव

माधव