दिल्ली का नौ वर्षीय बालक गंगा नदी में डूबा, तलाश जारी

Ads

दिल्ली का नौ वर्षीय बालक गंगा नदी में डूबा, तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 09:47 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 09:47 PM IST

देहरादून, 18 जून (भाषा) उत्तराखंड में हरिद्वार के पास रायवाला क्षेत्र में बृहस्पतिवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला नौ वर्षीय एक बालक डूब गया। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने यह जानकारी दी।

एसडीआरएफ के मुताबिक, बालक कुश शर्मा की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

घटना अपराह्न लगभग सवा तीन बजे गीता कुटीर घाट पर हुई जहां नहाते समय कुश अपना संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसका भाई प्रियांशु भी नदी के बहाव में बहने लगा जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि, कुश तेज बहाव में बहते हुए पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और संभावित स्थानों पर गोताखोरों की मदद से गहन तलाशी अभियान चलाया।

हालांकि, अभी तक कुश का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस के मुताबिक, कुश और प्रियांशु अपने परिवार के साथ घूमने आए हुए थे।

एसडीआरएफ ने पर्यटकों से किसी भी अनजान अथवा प्रतिबंधित घाट पर स्नान न करने की अपील करते हुए कहा है कि नदी का जलस्तर एवं बहाव अचानक बढ़ सकता है जिससे जान-माल का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

अपील में कहा गया है कि पर्यटक केवल सुरक्षित एवं चिन्हित पक्के घाटों पर ही स्नान करें।

भाषा दीप्ति शफीक

शफीक