श्रीनगर, छह फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में पिछले साल नवंबर में सामने आए सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में शुक्रवार को तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि एनआईए के जांच अधिकारियों की एक टीम जीएमसी अनंतनाग पहुंची और तलाशी ली। उन्होंने बताया कि यह तलाशी पिछले साल नवंबर में एक डॉक्टर के लॉकर से राइफल बरामद होने के सिलसिले में की गई थी।
डॉ. अदील अहमद राथर उन नौ लोगों में शामिल थे जिन्हें आतंकी मॉड्यूल की जांच के तहत गिरफ्तार किया गया था। जांच के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए थे।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पुलवामा जिले के कोइल करेवा इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी या बरामदगी नहीं हुई है।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश