बदायूं और सुल्तानपुर में पुलिस से मुठभेड़ की घटनाओं में नौ लोग गिरफ्तार

Ads

बदायूं और सुल्तानपुर में पुलिस से मुठभेड़ की घटनाओं में नौ लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 01:18 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 01:18 PM IST

बदायूं/सुल्तानपुर (उप्र), 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं और सुल्तानपुर जिलों में मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें से पांच बदमाश गोली लगने से जख्मी हुए हैं।

बदायूं से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने सोमवार देर रात इस्लामनगर इलाके में एक किसान के घर में हुई डकैती के मामले में वांछित पांच आरोपियों को चंदौसी मार्ग पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि तीन आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि गोलीबारी के दौरान कांस्टेबल अनुज चौधरी भी घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनपाल, मनोज, भूरा, ओमवीर और दीपक के रूप में हुई है और ये सभी संभल और आसपास के जिलों के रहने वाले हैं।

शर्मा ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से विगत 19 20 मई की रात को नजाकत नाम की एक किसान के घर पर हुई डकैती की घटना में लूटे गए गहने भी बरामद किए हैं।

उधर सुल्तानपुर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अखंड नगर थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ के बाद लुटेरों के एक गिरोह के चार कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि इस मुठभेड़ के दौरान जौनपुर जिले के रहने वाले दो बदमाश संगम तथा हेमचंद्र गोली लगने से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि दोनों घायल बदमाशों के साथ-साथ उनके दो अन्य साथियों राजू गौतम और मुकेश पाल को भी गिरफ्तार किया गया है

सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर 22 और 24 मई को अखंड नगर इलाके में ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कुबूल की है।

अधिकारियों ने बताया कि घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा