महिला आरक्षण में ओबीसी कोटा की मांग को लेकर समझौता नहीं: के. राजू

Ads

महिला आरक्षण में ओबीसी कोटा की मांग को लेकर समझौता नहीं: के. राजू

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 07:30 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. राजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसभा के वर्तमान संख्या बल के आधार पर महिला आरक्षण लागू करने और इसमें अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण का प्रावधान करने की मांग को लेकर कोई समझौता नहीं हो सकता।

कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग, अनुसूचित जनजाति विभाग, ओबीसी और अल्पसंख्यक विभागों के राष्ट्रीय समन्वयक राजू ने बताया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2023 में लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा के दौरान महिला आरक्षण और ओबीसी कोटा को तत्काल लागू करने की मांग उठाई थी।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कांग्रेस की दो मांगे ऐसी हैं जिन पर समझौता नहीं किया जा सकता। पहली मांग है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू किया जाए और दूसरी मांग है कि महिला आरक्षण के तहत ओबीसी कोटा प्रदान किया जाए।’’

राजू ने कहा, ‘‘महिला कांग्रेस की हजारों कार्यकर्ता लोकसभा की मौजूदा संख्या के आधार पर महिला आरक्षण लागू कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पोस्टकार्ड भेज रही हैं और महिला आरक्षण में ओबीसी कोटा की मांग कर रही हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब 2023 में यह विधेयक आया था, तो सोनिया गांधी जी ने मांग उठाई थी कि इसे तुरंत लागू किया जाना चाहिए और ओबीसी महिलाओं को भी महिला कोटा के भीतर आरक्षण मिलना चाहिए। हम आज भी इस रुख पर कायम हैं।’’

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश