नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव पर शुक्रवार को चर्चा और फिर वोटिंग होगी। सरकार अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है तो विपक्ष को उम्मीद है कि इस प्रस्ताव के माध्यम से वह सदन में सरकार को बेनकाब कर सकेगी।
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी का दावा है कि हमारे पास नंबर हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी भी अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखेंगे। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के बोलने की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें : तेजस्वी यादव को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, बंगला खाली करने का सरकारी आदेश रद्द
अविश्वास प्रस्ताव में सभी पार्टियों के बोलने का समय तय कर दिया गया है। सांसदों संख्या के हिसाब से पार्टियों को समय अलॉट किया गया हैं। भाजपा को सबसे ज्यादा 3 घंटे, 33 मिनट बोलने का समय मिला जबकि कांग्रेस को 38 मिनट का समय दिया गया है। इसके साथ ही AIADMK को 29 मिनट और TMC को 27 मिनट का समय दिया गया है। वहीं शिवसेना को 14 मिनट, बीजद को 15, टीडीपी को 13 और टीआरएस को 9 मिनट का समय दिया गया है। इसी तरह सीपीआई एम को 7, सपा को 6 और एलजेएसपी को 5 मिनट का समय मिला है।
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होने की वजह से शुक्रवार सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होगी लेकिन प्रश्नकाल और लंच नहीं होगा। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सात घंटे का समय तय किया गया है। सरकार की ओर से पांच बड़े नेता और मंत्री बहस में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें : संसद में गूंजा मॉब लिंचिंग, राजनाथ ने बताया राज्यों का विषय, विपक्ष का वॉक आउट
लोकसभा में कुल सीटों की संख्या 543 है, जिसमें फिलहाल 10 सीटें खाली हैं। सत्ताधारी एनडीए की बात करें तो बीजेपी की 272, एलजेपी की 6 और अन्य की 16 सीटों को मिलाकर आंकड़ा 294 होता है। वहीं विपक्षी यूपीए की बात करें तो कांग्रेस की 48, एनसीपी की 7, आरजेडी की 4 और अन्य की 8 सीटों को मिलाकर आंकड़ा सिर्फ 67 तक पहुंचता है। तमिलनाडु की एआईएडीएमके ने अविश्वास प्रस्ताव में एनडीए का साथ देने का एलान कर दिया है तो उसकी 37 सीटें भी एनडीए में जुड़ जाएंगी, तो एनडीए प्लस का आंकड़ा 331 पर पहुंच जाएगा। इसी तरह यूपीए प्लस की बात करें तो कांग्रेस की 48, सहयोगियों की 19 और अन्य की 117 सीटों को मिला दें तो आंकड़ा 184 का हो जाता है। इसका मतलब ये है कि मोदी सरकार के गिरने का खतरा बिल्कुल भी नहीं है।
वेब डेस्क, IBC24