कावेरी मुद्दे पर आंदोलन की जरूरत नहीं, कर्नाटक सभी कानूनी उपाय कर रहा है : मंत्री ने भाजपा से कहा
कावेरी मुद्दे पर आंदोलन की जरूरत नहीं, कर्नाटक सभी कानूनी उपाय कर रहा है : मंत्री ने भाजपा से कहा
बेंगलुरु, 31 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने शुक्रवार को कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर केआरएस बांध के पास भाजपा के विरोध प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन की कोई जरूरत नहीं थी, क्योंकि राज्य अपने हितों की रक्षा के लिए सभी कानूनी और राजनीतिक उपाय कर रहा है।
कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) ने बृहस्पतिवार को कावेरी जल विनियमन समिति की उस सिफारिश को बरकरार रखा, जिसमें अगले 15 दिनों तक तमिलनाडु के लिये 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने की बात कही गई थी।
कर्नाटक ने कम बारिश के कारण राज्य में सूखे की गंभीर स्थिति की ओर ध्यान दिलाया था।
रेड्डी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “भाजपा को कृष्ण राज सागर (केआरएस) बांध के पास विरोध प्रदर्शन करने की कोई जरूरत नहीं थी। मुझे नहीं पता कि वे विरोध क्यों कर रहे हैं। हमने अपने राज्य और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों से संपर्क किया है।”
कर्नाटक के हितों से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक एकजुटता की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “जब भी हमारी जमीन, पानी और भाषा से जुड़े मुद्दे उठें, तो हम सभी को एकजुटता दिखानी चाहिए। जब भाजपा सत्ता में थी, तब भी हमने ऐसे मुद्दों पर उन्हें समर्थन दिया था। मुझे समझ नहीं आ रहा कि वे विरोध क्यों कर रहे हैं। क्या हमने कहा है कि हम पानी छोड़ने जा रहे हैं?”
यह बयान तब आया, जब भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मांड्या में केआरएस बांध के पास विरोध प्रदर्शन किया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


