जयपुर, सात सितंबर (भाषा) राजस्थान में अगले एक सप्ताह बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इसके अनुसार सात सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। इस दौरान हालांकि भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग में कहीं-कहीं हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं आठ सितंबर से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां रहेंगी। वहीं 12-13 सितंबर से पूर्वी व दक्षिणी भागों में बारिश का नया दौर फिर शुरू होने की संभावना है।
सोमवार सुबह तक के चौबीस घंटों में राज्य के पूर्वी भाग के अलवर, सीकर, जयपुर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, बारां, करौली, सवाईमाधोपुर, कोटा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चुरू व नागौर में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 58.0 मिलीमीटर बारिश धौलपुर के राजाखेड़ा में हुई।
भाषा पृथ्वी वैभव
वैभव