ओडिशा में भीषण गर्मी से राहत नहीं, 14 जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रहा
ओडिशा में भीषण गर्मी से राहत नहीं, 14 जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रहा
भुवनेश्वर, 20 अप्रैल (भाषा) ओडिशा में लू की मार से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बताया कि राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम जारी रहने का अनुमान है।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने अपने शाम के बुलेटिन में कहा कि मंगलवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति सहित कई जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।
आईएमडी ने बताया कि मंगलवार रात अंगुल, कंधमाल, सुंदरगढ़, बलांगीर और संबलपुर जिलों में गर्म रहेगी।
बुलेटिन में कहा गया है कि झारसुगुड़ा, बलांगीर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में अगले तीन दिनों तक लू चलने का अनुमान है।
मौसम बुलेटिन के अनुसार, राज्य के 14 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
बोलांगीर जिले का तितलागढ़ 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, इसके बाद झारसुगुड़ा में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तालचर में 42 डिग्री सेल्सियस, जबकि बलांगीर में 41.8 डिग्री, अंगुल में 41.7 डिग्री और भवानीपटना में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुलेटिन के अनुसार, दिन के दौरान संबलपुर, सुंदरगढ़, सोनपुर, बौध, परलाखेमुंडी, नुआपड़ा, राउरकेला और हीराकुड में पारा 40 से 41 डिग्री के बीच रहा।
भुवनेश्वर और कटक में तापमान क्रमशः 35.7 डिग्री सेल्सियस और 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच, गंजाम जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए 21 से 23 अप्रैल तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, जिला कलेक्टर के आदेशानुसार परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी।
कटक के जिलाधिकारी ने भी इसी अवधि के दौरान सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है। कॉलेजों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी।
इसके अलावा, केंद्रपाड़ा के जिलाधिकारी ने स्कूल और आंगनवाड़ी छात्रों के लिए सुबह की कक्षाएं शुरू करने का आदेश दिया है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


