नयी पार्टी या इस्तीफे पर बात नहीं हुई : अन्नामलाई पर भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष

Ads

नयी पार्टी या इस्तीफे पर बात नहीं हुई : अन्नामलाई पर भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 08:03 PM IST

तिरुनेलवेली (तमिलनाडु), चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके पूर्ववर्ती के. अन्नामलाई ने नयी पार्टी बनाने के बारे में किसी से कोई बात नहीं की है।

नागेंद्रन ने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से कोई त्यागपत्र प्राप्त नहीं हुआ है।

अन्नामलाई के भाजपा छोड़कर अपनी नयी पार्टी बनाने की अटकलों के बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्रन ने स्पष्ट किया कि उनके (अन्नामलाई) इस्तीफे की खबरें निराधार हैं।

नागेंद्रन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मुझे अभी तक ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। अन्नामलाई ने किसी से भी नयी पार्टी बनाने के बारे में बात नहीं की है। इस बारे में हमारी उनसे बात नहीं हुई है ना ही उन्होंने हमसे कुछ कहा है।’’

अन्नामलाई के इस्तीफे को लेकर अटकलों के बारे में पूछे जाने पर नागेंद्रन ने कहा, ‘‘आज मेरे प्रिय भाई (अन्नामलाई) को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके इस्तीफे की खबरें झूठी, निराधार और अफवाहें हैं।’’

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी अन्नामलाई ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब उनके भाजपा छोड़कर अपनी नयी राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पार्टी ने आधिकारिक तौर पर यह खुलासा नहीं किया है कि बैठक में क्या चर्चा हुई।

भाषा आशीष नरेश

नरेश