नोएडा : असम की युवती की चाकू से गोदकर हत्या, शव पड़ोसी के कमरे में मिला

Ads

नोएडा : असम की युवती की चाकू से गोदकर हत्या, शव पड़ोसी के कमरे में मिला

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 02:46 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 02:46 PM IST

नोएडा(उप्र), 11 अगस्त (भाषा)। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-49 थानाक्षेत्र के बरौला गांव में असम की एक युवती का शव पड़ोस में रहने वाले एक युवक के कमरे में मिला है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानाकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्टया युवती की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। वह पीजी में रहती थी।

पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीजी (पेइंग गेस्ट) के मालिक की शिकायत पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

नोएडा सेक्टर-49 थाना के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि महक अहमद असम के डिब्रूगढ़ जिले की रहने वाली थी और बरौला गांव मे स्थित पीजी में रहती थी।

शर्मा ने बताया कि महक के साथ असम की ही एक अन्य युवती संजना रह रही थी। उन्होंने बताया कि महक आठ अगस्त की रात पड़ोस में रहने वाले बिहार के कटिहार निवासी अब्दुल रहमान के कमरे में गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

शर्मा ने बताया कि दो दिन से लापता महक की संजना ने सोमवार रात तलाश शुरू की और उसे जानकारी मिली कि आखिरी बार वह रहमान के कमरे में जाती दिखाई दी थी।

उन्होंने बताया कि संजना की सूचना पर पीजी मालिक मौके पर आए। रहमान का कमरा बंद था और उसमें से बदबू आ रही थी।

शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रहमान के कमरे का ताला तोड़ा। कमरे में महक का खून से लथपथ शव मिला जिसपर चाकू से वार के निशान थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है, उसकी तलाश के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई है।

भाषा सं. धीरज

धीरज