नोएडा (भाषा)। थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में निठारी गांव के पास एलिवेटेड रोड से गिरकर एक इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना के समय वह शराब के नशे में था।
थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान सामर्थ्य उर्फ समरथ (27) पुत्र निरंजन कर्मकार के रूप में हुई है। वह सेक्टर-76 स्थित एक सोसाइटी में रहता था।
उन्होंने बताया कि बीती रात सामर्थ्य शराब पीने के बाद एलिवेटेड रोड पर पहुंच गया था और काफी देर तक वहां घूमता रहा। इसी दौरान उसे एलिवेटेड रोड के पास एक नीम का पेड़ दिखाई दिया। वह पेड़ से पत्तियां तोड़ने के लिए नीचे झुका, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सामर्थ्य को उपचार के लिए नोएडा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने बताया कि वह इंजीनियर था और कुछ समय से बेरोजगार था। परिजनों के मुताबिक, बेरोजगारी के कारण वह अवसाद में था और इसी वजह से उसने शराब पीना शुरू कर दिया था।
भाषा सं
मनीषा
मनीषा