उत्तर दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोगी-दीपक बॉक्सर गिरोह के शूटर को पकड़ा

Ads

उत्तर दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोगी-दीपक बॉक्सर गिरोह के शूटर को पकड़ा

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 06:02 PM IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) उत्तर दिल्ली पुलिस ने वजीराबाद इलाके में गोगी-दीपक बॉक्सर गिरोह के एक सदस्य को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने यहां पत्रकारों को बताया कि मोहित उर्फ केडी (31) ने बुधवार देर रात पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने के बाद टीम पर दो गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन गोलियां चलाईं।

उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस के एक कांस्टेबल की बुलेट फ्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह घायल होने से बच गया।

अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले मोहित को देर रात करीब 1:40 बजे पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहित, टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक गुर्गे की कथित तौर पर हत्या करने के लिए दिल्ली आया था।

भट्ट ने बताया कि मोहित को वजीराबाद इलाके में अपने एक सहयोगी से मिलना था, जो प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्य के ठिकाने के बारे में जानता था।

पुलिस ने कहा कि दोनों उस स्थान पर भी गए, जहां संबंधित व्यक्ति (शिकार) के तड़के टहलने आने की उम्मीद थी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस टीम को गोगी-दीपक बॉक्सर गिरोह से जुड़े एक कथित शूटर की गतिविधि के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद वजीराबाद इलाके में नाकाबंदी की गई थी।

उन्होंने बताया कि जब संदिग्ध को चुनौती दी गई तो उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और फिर पुलिस दल पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्तौल, चार कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल को लेकर इंद्रपुरी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज है।

पुलिस ने कहा कि मोहित के खिलाफ 2023 में हरियाणा के गन्नौर थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं ।

पुलिस ने कहा कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वजीराबाद थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डीसीपी ने कहा कि मामले में आगे की जांच की जा रही है और बरामद हथियार एवं कारतूस को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश