उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालने वाले दो पकड़े
उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालने वाले दो पकड़े
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चाकू और देसी कट्टे लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने के आरोप में एक नाबालिग समेत दो लोगों को पकड़ा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अलग-अलग मामलों में पकड़ा गया है।
पुलिस ने कहा कि पहले मामले में, एक युवक ने कुछ लोगों के साथ नृत्य के दौरान चाकू लहराते हुए वीडियो ऑनलाइन पोस्ट की। इसके बाद पुलिस ने उसका पता लगाया और उसे कबीर नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान करण (19) के तौर पर हुई है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वीडियो करण के सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड किया गया था।
उनके मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 15 अगस्त को, वह और उसके दोस्त स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एक मित्र की छत पर संगीत पर नृत्य कर रहे थे, तभी दो अन्य लड़के उनके साथ शामिल हो गए और चाकू लहराया।
डीसीपी ने बताया कि उसके कब्जे से दो चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि एक अलग मामले में, 16 वर्षीय लड़के का देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो ऑनलाइन सामने आया जिसके बाद उसे 17 सितंबर को पकड़ लिया गया।
डीसीपी ने कहा कि उसके कब्जे से एक कट्टा बरामद किया गया है तथा प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


