ईटानगर, 17 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में शुक्रवार को प्रतिबंधित संगठन एनएससीएन-आर के एक उग्रवादी ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड- रिफॉर्मेशन (एनएससीएन-आर) के स्वयंभू ‘लेफ्टिनेंट कर्नल’पेंगैम कोन्याक (42) ने खोंसा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण किया।
पड़ोसी राज्य नगालैंड में मोन जिले के न्यासा गांव निवासी कोन्याक ने पुलिस, असम राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम के समक्ष पिस्तौल और कुछ कारतूस के साथ आत्मसमर्पण किया।
अधिकारियों ने बताया कि अशांत तिरप जिले में शांति बहाल करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार दबाव बनाने और रणनीतिक मनोवैज्ञानिक अभियान चलाने की वजह से उग्रवादी ने हथियार डालने का फैसला किया।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश