नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने अपने ‘मेरा कैंपस, मेरा घोषणा पत्र’ अभियान के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के छात्रों से लगभग 6,000 सुझाव प्राप्त किए हैं। छात्र संगठन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह अभियान 18 सितंबर को होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव से ठीक पहले चलाया जा रहा है, जिसके नतीजे 19 सितंबर को आने की उम्मीद है।
पिछले एक सप्ताह से डीयू के विभिन्न कॉलेजों में जारी इस अभियान के तहत एनएसयूआई की टीमें छात्रों से मुलाकात कर रही हैं और ‘सुझाव पेटी’ के जरिए उनके विचार और सुझाव एकत्र कर रही हैं।
संगठन ने बताया कि छात्रों ने अपने-अपने कॉलेजों के साथ-साथ विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी चिंताएं और सुझाव साझा किए हैं।
एनएसयूआई ने कहा कि वह इन सुझावों का विश्लेषण करेगी और छात्रों द्वारा व्यक्त की गई प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं के आधार पर एक ‘छात्र-केंद्रित घोषणापत्र’ तैयार करेगी।
एनएसयूआई के मीडिया प्रभारी रवि पांडे ने कहा, ‘महज एक सप्ताह में लगभग 6,000 सुझाव मिलना यह दर्शाता है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र चाहते हैं कि उनकी बात सुनी जाए।’
उन्होंने कहा, ‘हम हर सुझाव का विश्लेषण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि अंतिम घोषणापत्र में छात्रों की वास्तविक चिंताओं और आकांक्षाओं की झलक दिखे। यह घोषणापत्र छात्रों के लिए नहीं, बल्कि छात्रों द्वारा लिखा जाएगा।’
संगठन ने कहा कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी पूरे विश्वविद्यालय में जारी रहेगा और एनएसयूआई की टीमें अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचेंगी।
संगठन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों की चिंताओं को दिल्ली विश्वविद्यालय के व्यापक एजेंडा का हिस्सा बनाना और अधिक समावेशी, जवाबदेह और छात्र-संचालित दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।
भाषा
सुमित मनीषा
मनीषा