एनटीए ने नीट-यूजी की स्कैन की गई ओएमआर शीट जारी कीं, 15 जुलाई तक उत्तरों को चुनौती दे सकते हैं

Ads

एनटीए ने नीट-यूजी की स्कैन की गई ओएमआर शीट जारी कीं, 15 जुलाई तक उत्तरों को चुनौती दे सकते हैं

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 10:11 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई तस्वीरें जारी कर दीं, ताकि अभ्यर्थियों को उत्तरों को चुनौती देने का अवसर मिल सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पेपर लीक के आरोपों के बाद पहली परीक्षा रद्द कर दिए जाने के बाद 21 जून को यह महत्वपूर्ण परीक्षा फिर से कराई गई थी।

एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘एनटीए ने अपनी वेबसाइट पर ओएमआर शीट और अभ्यर्थियों के उत्तरों की स्कैन की गई तस्वीरें अपलोड कर दी हैं। इन्हें पंजीकृत ई-मेल पतों पर भी भेजा गया है। अभ्यर्थी 15 जुलाई तक उत्तरों को चुनौती दे सकते हैं।’

प्रत्येक उत्तर को चुनौती देने के लिए उम्मीदवारों से 200 रुपये शुल्क लिया जाएगा।

नीट-यूजी में हर साल करीब 25 लाख उम्मीदवार शामिल होते हैं, जिससे यह भारत की सबसे बड़ी स्नातक प्रवेश परीक्षाओं में से एक है।

नीट-यूजी के माध्यम से करीब 1.08 लाख एमबीबीएस सीट पर प्रवेश मिलता है। इनमें लगभग 56,000 सीट सरकारी मेडिकल कॉलेज में और करीब 52,000 सीट निजी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध हैं।

एमबीबीएस में प्रवेश के अलावा, नीट-यूजी के अंकों का उपयोग देशभर के मान्यता प्राप्त संस्थानों में बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) तथा आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध जैसे अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी किया जाता है।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश

ताजा खबर