पश्चिम बंगाल में हज पर जाने वाले यात्रियों की संख्या 2021 में आधी होगी: हज समिति सदस्य

Ads

पश्चिम बंगाल में हज पर जाने वाले यात्रियों की संख्या 2021 में आधी होगी: हज समिति सदस्य

  •  
  • Publish Date - November 18, 2020 / 01:29 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:42 PM IST

कोलकाता, 18 नवंबर (भाषा) कोविड-19 महामारी के मद्देनजर अगले साल राज्य से हज पर जाने वाले यात्रियों की संख्या आधी हो जाएगी। पश्चिम बंगाल राज्य हज समिति के एक वरिष्ठ सदस्य ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोविड-19 सुरक्षा नियमों की वजह से अगले साल हज यात्रा का खर्चा भी बढ़ जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य हज समिति को विभिन्न जिलों से 2021 में हज पर जाने की इच्छा जताते हुए 10 नवंबर से अब तक 1,100 आवेदन मिले हैं ।

राज्य समिति के एक सदस्य ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘ स्थिति खराब है और कोविड-19 महामारी के बीच यात्रा करना भी बेहद चुनौती भरा है। सिर्फ 3,500 से 4,000 यात्रियों को ही 2021 में यात्रा पर जाने की अनुमति मिल सकेगी। वहीं प्रत्येक यात्री का खर्चा भी कोविड-19 नियमों की वजह से बढ़ेगा।’’

उन्होंने बताया कि कोरोना काल से पहले राज्य से कम से कम 9,000 लोग हज यात्रा पर जाते थे। सदस्य ने बताया कि लोग पहले हज यात्रा पर करीब 2.65 लाख रुपये खर्च करते थे लेकिन अब उन्हें 1.75 लाख रुपये और खर्च करना होगा। हज में यात्री मक्का की यात्रा करते हैं जिसे मुस्लिम सबसे पवित्र शहर मानते हैं। अगले साल की हज यात्रा मध्य जुलाई में होने की संभावना है।

भाषा स्नेहा उमा

उमा