ब्रह्मपुर, 10 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पिताबाश पांडा की हत्या के मामले में गिरफ्तार बीजू जनता दल (बीजद) के नेता बिक्रम कुमार पांडा को मंगलवार को पेट दर्द की शिकायत के बाद ओडिशा के गंजाम जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ब्रिकम को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन्हें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, पित्त की पथरी और भगंदर की समस्या है।
अस्पताल के अधीक्षक दुर्गा माधव सतपथी ने कहा, “बिक्रम को सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया और उनका इलाज जारी है।”
ब्रह्मपुर क्षेत्रीय कारागार के अधीक्षक डीएन बारिक ने बताया कि जेल के चिकित्सक की सलाह पर उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि बिक्रम जिस वार्ड में भर्ती हैं, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बिक्रम को हत्या के मामले में छह नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।
दो हथियारबंद लोगों ने छह अक्टूबर को भाजपा नेता की बैकुंठ नगर स्थित उनके घर के पास करीब से गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि इस हत्या के सिलसिले में बीजद के कुछ नेताओं समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल