ओडिशा: स्कूल के पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों पर राज्यव्यापी अभियान चलाएगा बीजद

Ads

ओडिशा: स्कूल के पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों पर राज्यव्यापी अभियान चलाएगा बीजद

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 09:36 AM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 09:36 AM IST

भुवनेश्वर, आठ जुलाई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने कक्षा एक से आठ तक की किताबों में कथित त्रुटियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नौ से 15 जुलाई तक पूरे राज्य में ‘शिक्षा बचाओ अभियान’ चलाने का ऐलान किया है।

विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बावजूद कथित रूप से उन पाठ्यपुस्तकों को वापस नहीं लिया जिनमें त्रुटियां थीं। साथ ही, उसने स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराई।

भुवनेश्वर में मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बीजद विधायक और पार्टी के वरिष्ठ महासचिव ब्योमकेश रे, पार्टी की युवा शाखा के अध्यक्ष चिन्मय साहू और छात्र शाखा की प्रमुख इप्सिता साहू ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार की आलोचना की।

रे ने आरोप लगाया, ‘‘राज्य सरकार ने अब तक त्रुटिपूर्ण पुस्तकों को वापस लेने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्री और विभाग के सचिव के बीच बिल्कुल भी तालमेल नहीं है।’’

बीजद नेताओं ने दावा किया कि इस मुद्दे का बच्चों की शिक्षा पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। उन्होंने अभिभावकों से पार्टी के ‘शिक्षा बचाओ अभियान’ से जुड़ने की अपील की।

पार्टी ने एक बयान में कहा कि वह इस अभियान के तहत नौ से 15 जुलाई तक पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने यह भी मांग की कि सरकार कथित तौर पर त्रुटिपूर्ण पाठ्यपुस्तकों को वापस ले और एक महीने के भीतर संशोधित, त्रुटि-मुक्त संस्करण उपलब्ध कराए।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव

ताजा खबर