भुवनेश्वर, पांच सितंबर (भाषा) भाजपा की ओडिशा प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शनिवार को कटक में शुरू हुई। सूत्रों ने बताया कि बैठक में अगले तीन महीने का खाका तैयार करने के साथ ही अगले साल मार्च में होने वाले शहरी निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री के. वी. सिंह देव और प्रभाती परिडा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, प्रदेश प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर और सह प्रभारी लता उसेंडी समेत करीब 400 पदाधिकारी और नेता शामिल हुए।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि बैठक में 10 सूत्री एजेंडे पर चर्चा की जाएगी और त्रिस्तरीय पंचायत तथा शहरी निकाय चुनावों से पहले सत्तारूढ़ दल के जनाधार को मजबूत करने की रणनीति बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘दो दिवसीय बैठक में हम चुनावों के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।’
पुजारी ने कहा कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकारों के कार्यक्रमों की समीक्षा करेगी, उनकी सफलता का आकलन करेगी, कमियों की पहचान करेगी और सुधारात्मक कदमों पर फैसला लेगी।
भाषा
शुभम माधव
माधव