ओडिशा के मुख्यमंत्री ने मयूरभंज में 430 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की

Ads

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने मयूरभंज में 430 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 09:17 PM IST

भुवनेश्वर/बारीपदा, आठ जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज के 650 बिस्तरों वाले नए अस्पताल का उद्घाटन किया और आदिवासी बहुल मयूरभंज जिले में 430 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

मयूरभंज के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जिले में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए 430.26 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।

माझी ने 282 करोड़ रुपये से अधिक की 21 परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जबकि 149 करोड़ रुपये से अधिक की 18 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।

उन्होंने कहा कि लगभग 100 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित 83 पेयजल परियोजनाएं लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल न केवल बारीपदा या मयूरभंज जिलों में, बल्कि पूरे उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नयी क्रांति लाएगा।

लगभग 258 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, यह आधुनिक 650 बिस्तरों वाला अस्पताल उत्तरी ओडिशा की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं, उन्नत निदान सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सा विभागों, गहन चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और उन्नत शिक्षण अवसंरचना के साथ, यह अस्पताल कई मायनों में इस क्षेत्र की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करेगा।

माझी ने कहा, ‘महज 20 महीनों के भीतर, इस सरकार ने जाजपुर, कंधमाल और तालचेर में तीन नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए हैं। इस साल फरवरी में नबरंगपुर जिले में एक मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी गई थी। इनके अलावा, ढेंकनाल, जगतसिंहपुर और भद्रक में भी जल्द ही नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे।’

उन्होंने बताया कि आयुष स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के लिए गजपति, मलकानगिरी और रायगढ़ में तीन नए आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और नयागढ़ और नुआपड़ा में दो नए होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा किया और मेडिकल छात्रों से बातचीत की।

भाषा

राखी माधव

माधव