ओडिशा के मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की

Ads

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 06:20 PM IST

भुवनेश्वर, 17 सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार राज्य में ‘रक्त सुरक्षा’ (रक्त की निर्बाध उपलब्धता) सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

माझी ने राज्य सरकार के सहयोग से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई द्वारा आयोजित एक रक्तदान शिविर में भाग लेते हुए यह बयान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘विज्ञान चाहे कितनी भी प्रगति कर ले, लेकिन खून किसी कारखाने/संयंत्र में नहीं बनाया जा सकता।’

महीने भर चलने वाले इस अभियान को मानवीय सेवा को समर्पित एक जन आंदोलन बताते हुए माझी ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि ओडिशा में खून की कमी के कारण किसी की भी असमय मृत्यु न हो।

उन्होंने बताया कि इस रक्तदान शिविर के माध्यम से 6,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।

माझी ने कहा, ‘ओडिशा में ‘रक्त सुरक्षा’ सुनिश्चित करने के लिए 2026-27 के बजट में 50.54 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ राज्य में ‘अटल रक्तदान अभियान’ शुरू किया गया है। इस पहल के तहत नए मेडिकल कॉलेजों में ‘ब्लड बैंक’ स्थापित किए जा रहे हैं और मौजूदा ब्लड बैंकों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।’

भाषा सुमित माधव

माधव