बस में आग, ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल बाल बचे

बस में आग, ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल बाल बचे

बस में आग, ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल बाल बचे
Modified Date: March 21, 2026 / 12:29 pm IST
Published Date: March 21, 2026 12:29 pm IST

मलकानगिरि (ओडिशा), 21 मार्च (भाषा) भुवनेश्वर से नबरंगपुर जा रही एक बस में शनिवार तड़के पिछले टायर के फटने के बाद आग लग गई। इस घटना में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विधायक खिला ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास हुई। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, गनीमत रही कि उससे पहले सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने बताया कि विधायक समेत सभी यात्री सुरक्षित है, कोई चोटिल नहीं हुआ है।

पुलिस ने बताया कि चालक की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने बताया कि दमकल कर्मी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, हालांकि वाहन जलकर खाक हो गया।

मलकानगिरि जिले के चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगू खिला ने बताया, “बस में आग उस समय लगी जब मैं व सभी यात्री नींद में थे। चालक की सूझबूझ से सभी की जान बच गई। उसने बस तुरंत रोकी, खिड़कियां खोलीं और यात्रियों को जगाया।”

उन्होंने कहा, “एक बड़ी त्रासदी टल गई। मैं भुवनेश्वर के रसूलगढ़ बस स्टैंड से बस में सवार हुआ था और मलकानगिरि जा रहा था।”

उन्होंने बताया कि बाद में दूसरी बस से सभी यात्रियों को मलकानगिरि भेजा गया।

पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

भाषा खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में