भुवनेश्वर, आठ मई (भाषा) ओडिशा के खुर्दा जिले में दो महिलाओं से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पीड़ित महिलाओं ने हालांकि गिरफ्तार लोगों को रिहा करने का अनुरोध किया क्योंकि उन्होंने ही उनकी जान बचाई थी।
पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया और राज्य महिला आयोग (एससीडब्ल्यू) की अध्यक्ष शोभना मोहंती ने दिन के समय घटनास्थल का मुआयना किया।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीना के साथ बलिआंता थानाक्षेत्र में घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां बृहस्पतिवार को भीड़ ने दो पुरुषों पर हमला किया था। उन्होंने बताया कि भीड़ हिंसा में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया, “वीडियो फुटेज के आधार पर इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिससे गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है।”
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस महानिदेशक को दो महिलाओं से दुष्कर्म करने का प्रयास करने के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था।
माझी ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष से दोनों महिलाओं से बात करने का भी अनुरोध किया।
मोहंती ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया और स्थानीय पुलिस से बात की।
राज्य महिला आोग की प्रमुख ने कहा कि वह मुख्यमंत्री को एक रिपोर्ट सौंपेंगी और जांच के आधार पर कार्रवाई की सिफारिश करेंगी।
आयोग की अध्यक्ष ने दोनों महिलाओं से मिलने के बाद कहा, “वे पुलिस सुरक्षा चाहती हैं। उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मैं मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंप दूंगी।”
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज