भुवनेश्वर, 14 सितंबर (भाषा) ओडिशा में सोमवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 4,198 नए मामले सामने आए । प्रदेश भाजपा प्रमुख समीर मोहंती भी संक्रमित हो गए हैं ।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए मामलों के साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 1,55,005 हो गई। संक्रमण से 11 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 637 हो गई है।
इससे पहले 11 सितंबर को ओडिशा में कोविड-19 के सर्वाधिक 3,996 नए मामले सामने आए थे।
विभिन्न पृथक-वास केंद्रों से संक्रमण के 2476 मामले सामने आए जबकि संपर्क की तलाश के दौरान 1722 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई ।
ओडिशा में 35,673 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 1,18,642 मरीज संक्रमण को मात दे चुके हैं।
खुर्द्धा जिले में सबसे ज्यादा 758 मामले आए। कटक से 367, पुरी से 310 मामले आए ।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 24.72 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 49,393 नमूनों की जांच रविवार को की गई।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहंती ने ट्वीट करके संक्रमित होने की जानकारी दी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कोरोना वायरस के लक्षण के कारण मैंने जांच करायी और रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। मैं ठीक हो रहा हूं लेकिन डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक उपचार के लिए मैं अस्पताल में भर्ती हो गया। पिछले कुछ दिनों में संपर्क में आए लोगों से मैं पृथक-वास में जाने और जरूरी होने पर जांच कराने का अनुरोध करता हूं।’’
इससे पहले बारगढ़ के भाजपा सांसद सुरेश पुजारी और नीलगिरि के भाजपा विधायक सुकांत नायक भी संक्रमित हो गए थे।
भाषा आशीष शाहिद
शाहिद