केंद्रपाड़ा, नौ जून (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में मंगलवार को एक कुएं की सफाई के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से एक मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना इस तटीय जिले के औल थाना क्षेत्र के मानापुर गांव में हुई।
मृत व्यक्ति की पहचान डेमल गांव के परीक्षित सिंह (50) के रूप में हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘सिंह, जारा सामल (52) और उनके बेटे चित्तरंजन सामल (22) के साथ मिलकर एक 12 फुट गहरे कुएं की सफाई और मरम्मत के काम में लगे थे, तभी यह हादसा हुआ।’
उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारी के मुताबिक, घायल मजदूरों को केंद्रपाड़ा के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने सिंह के शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औल थाना प्रभारी (आईआईसी) अंतर्यामी श्रीचंदन ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप