ओडिशा: पटनायक ने राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया

Ads

ओडिशा: पटनायक ने राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 12:53 AM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 12:53 AM IST

भुवनेश्वर, 11 मार्च (भाषा) ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्यसभा चुनाव से पहले राज्य में ‘खरीद-फरोख्त’ करने का आरोप लगाया।

पटनायक ने यह बात बीजद के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार जेना के बुधवार को क्षेत्रीय दल छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद कही।

राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होने वाले हैं। पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने कहा, “मैंने राज्य सरकार से पश्चिम एशियाई देशों में फंसे लाखों उड़िया लोगों के लिए तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इस पर ध्यान देने के बजाय, ओडिशा में भाजपा आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए खरीद फरोख्त पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जैसा कि आप देख सकते हैं, हमारे राज्य में यह एक चौंकाने वाली स्थिति है।”

बीजद नेता और विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

प्रमिला ने कहा, “भाजपा नेता गुजराती व्यापारी हैं। यह जानते हुए कि राज्यसभा में एक अतिरिक्त सीट जीतने के लिए पार्टी के पास पर्याप्त संख्या नहीं है, भाजपा ने एक निर्दलीय उम्मीदवार को मैदान में उतारा है और धोखाधड़ी से सीट जीतने की कोशिश कर रही है। भाजपा आने वाली पीढ़ियों को क्या संदेश दे रही है? यह सिखा रही है कि पीछे के दरवाजे से सत्ता में कैसे प्रवेश किया जाए।”

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं और वह साझा उम्मीदवार को ही वोट देंगे।

उन्होंने भाजपा द्वारा संभावित ‘खरीद-फरोख्त’ के प्रयास को लेकर भी आशंका जताई।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत