ओडिशा: हत्या के दो साल पुराने मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया
ओडिशा: हत्या के दो साल पुराने मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया
भुवनेश्वर, चार जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने शनिवार को हत्या के दो साल से अधिक पुराने एक मामले को सुलझाने का दावा किया, जिसमें उसे एक क्षतविक्षत शव और उसके पास अलग-अलग आकार की चप्पलें मिली थीं।
नवंबर 2023 में मयूरभंज जिले में जंगल के अंदर एक कुंए से यह शव बरामद किया गया था।
अपराध शाखा के महानिदेशक विनयतोष मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि केरल में रहने वाले बेटे के डीएनए से मृत व्यक्ति के डीएनए के मिलान के बाद शव की पहचान हुई और अपराध शाखा ने दो जुलाई को हत्या के आरोप में एक नाबालिग को हिरासत में लिया, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अक्टूबर 2023 में व्यक्ति की हत्या की गई। आरोपियों को शक था कि वह व्यक्ति जादू-टोना करता था और उनके गांव में एक बच्चे की मौत के लिए ज़िम्मेदार था।
मिश्रा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया, ‘‘अलग-अलग आकार के चप्पलों अलावा, सबूत के तौर पर कुछ भी नहीं मिला था।’’
तुरंत कोई सुराग, संदिग्ध या गवाह न मिलने पर, पुलिस ने मृतक के डीएनए नमूने लिए और उन्हें कई लापता लोगों के परिवार वालों के नमूने से मिलान कराने की कोशिश की। हालांकि, इस कोशिश से कोई नतीजा नहीं निकला।
बाद में जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई।
मिश्रा ने बताया कि आखिरकार जब पिछले महीने एक व्यक्ति अपने लापता पिता के बारे में पता करने आया, तो डीएनए नमूना मृतक से मेल खा गया, जिनकी पहचान जुबुराज सिंह के तौर पर हुई।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए दो लोगों को जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को सुधार गृह भेजा गया।
भाषा राजकुमार सुभाष
सुभाष

Facebook


