गंधमर्दन पर्वतीय क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ ओडिशा पुलिस की बड़े अभियान की तैयारी

गंधमर्दन पर्वतीय क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ ओडिशा पुलिस की बड़े अभियान की तैयारी

गंधमर्दन पर्वतीय क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ ओडिशा पुलिस की बड़े अभियान की तैयारी
Modified Date: February 12, 2026 / 10:44 am IST
Published Date: February 12, 2026 10:44 am IST

भुवनेश्वर, 12 फरवरी (भाषा) ओडिशा पुलिस गंधमर्दन पर्वतीय क्षेत्र में एक बड़ा माओवादी रोधी अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) (नक्सल रोधी अभियान) संजीव पांडा ने कहा कि बोलंगीर और बरगढ़ जिलों में फैले गंधमर्दन पर्वतीय क्षेत्र में छुपे कुछ माओवादियों को गिरफ्तार करने या उन्हें मार गिराने के लिए एक योजना तैयार की गई है।

इस अभियान के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अतिरिक्त जवानों और राज्य पुलिस के विशिष्ट अभियान समूह (एसओजी) को तैनात किया जाएगा।

पांडा ने कहा कि ओडिशा पुलिस राज्य के साथ-साथ देश को ‘नक्सल-मुक्त’ घोषित करने की 31 मार्च की समय सीमा को पूरा करने को लेकर आशान्वित है।

उन्होंने कहा कि माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद अब तक कम से कम पांच जिलों – नुआपड़ा, नबरंगपुर, मलकानगिरि, कोरापुट और बौध को ‘नक्सल-मुक्त’ घोषित किया जा चुका है।

एडीजी ने कहा कि पुलिस ने बोलंगीर और बरगढ़ जिलों से खुफिया जानकारी जुटाने के कार्य को पहले ही तेज कर दिया है। उन्होंने दोनों जिलों के हितधारकों और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ बैठक की। पुलिस ने बताया कि 2008 से ही इस पर्वतीय क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की खबरें आ रही हैं और इलाके में गोलीबारी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिस ने कहा कि हालिया निर्णय गंधमर्दन में माओवादी गतिविधियों के फिर से उभरने की खुफिया रिपोर्ट पर आधारित है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि 31 मार्च से पहले नक्सलियों का सफाया कर दिया जाए।’’

भाषा सुरभि अमित

अमित


लेखक के बारे में