जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया
जम्मू, चार अगस्त (भाषा) जम्मू -कश्मीर के पुंछ जिले के सुदूर सूरनकोट इलाके में दो स्थानों पर आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मंगलवार को एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिलने पर, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों के साथ धारा सांगला, गुज्जर नार और खेरोवाली ढोक इलाकों और उनसे सटे जंगल के गांवों में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि घने जंगल वाले इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों के दो अलग-अलग समूहों की आवाजाही की खबरों के बाद यह अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक संदिग्ध आतंकवादियों का पता नहीं लगाया जा सका है और अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मी संदिग्धों का पता लगाने के लिए व्यवस्थित तरीके से तलाशी अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में, मंगलवार सुबह कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक घर के आंगन से जंग लगा हुआ पुराना मोर्टार का गोला बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कट्टल-ब्राह्मणा गांव में सुभाष चंद्र के घर पर खुदाई का काम कर रहे मजदूरों को एक संदिग्ध चीज दिखी और उन्होंने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम, बम निरोधक दस्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंची, इलाके को सुरक्षा घेरे में लिया गया और मोर्टार के गोले को सुरक्षित रूप से हटाकर नष्ट किया गया।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा

Facebook


