ओडिशा: महिला कर्मचारी के उत्पीड़न और हमले के आरोप में वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार

Ads

ओडिशा: महिला कर्मचारी के उत्पीड़न और हमले के आरोप में वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 07:35 PM IST

भुवनेश्वर, 18 सितंबर (भाषा) ओडिशा के परिवहन और वाणिज्य विभाग के अपर सचिव अरुण कुमार बिस्वाल को एक महिला कर्मचारी का यौन उत्पीड़न करने और उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा खारवेलनगर पुलिस थाने में दी गई तहरीर के आधार पर बिस्वाल को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) के 55 वर्षीय अधिकारी बृहस्पतिवार रात महिला के आवास पर पहुंचे और कथित तौर पर हंगामा किया। उन्होंने महिला से गाली-गलौज और बदसलूकी भी की।

सूचना मिलने पर पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और अधिकारी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर खारवेलनगर थाने में मामला दर्ज किया गया और बिस्वाल को हत्या के प्रयास तथा बलात्कार सहित विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपी को अदालत में पेश करने से पहले उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

भाषा सुमित नरेश

नरेश