ओडिशा ने छात्रों के कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा के लिए तीन संगठनों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए

Ads

ओडिशा ने छात्रों के कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा के लिए तीन संगठनों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 08:08 PM IST

भुवनेश्वर, पांच सितंबर (भाषा) ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने कौशल विकास और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को तीन संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, ये समझौते गुजरात स्थित सीएसआरबॉक्स, तेलंगाना की नंदी फाउंडेशन और ओडिशा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओकेसीएल) के साथ किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग ने नैसकॉम के सहयोग से ‘एआई कोर्स फॉर ऑल’ कार्यक्रम की शुरुआत भी की।

अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा विभाग और आईबीएम-सीएसआरबॉक्स के बीच हुए एमओयू के माध्यम से राज्य के 1.25 लाख से अधिक विद्यार्थियों को कौशल विकास कार्यक्रम का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल साक्षरता, उद्यम डिजाइन और परियोजना प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में ऑनलाइन पाठ्यक्रमों, कार्यशालाओं और परियोजना आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि ओडिशा के दूर-दराज और आकांक्षी जिलों के 107 उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नंदी फाउंडेशन के साथ हुए समझौते के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष की छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण में वित्तीय साक्षरता, तार्किक सोच, सार्वजनिक रूप से संबोधित करने की क्षमता और संवाद कौशल जैसे विषय शामिल होंगे, जिससे छात्राओं को रोजगार के अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार होने में मदद मिलेगी।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश