ओडिशा: तलवार हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान गोली लगने से घायल

Ads

ओडिशा: तलवार हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान गोली लगने से घायल

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 05:01 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 05:01 PM IST

भुवनेश्वर, 25 मई (भाषा) ओडिशा के ब्रह्मपुर शहर में तलवार से हमले के आरोपी एक व्यक्ति को सोमवार को पुलिस ने उस समय गोली मार दी, जब उसने हिरासत से भागने की कथित तौर पर कोशिश की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इलाके में अपराधियों के मध्य आपसी प्रतिद्वंद्विता को लेकर चिंताओं के बीच, पिछले नौ दिनों में क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ की यह तीसरी घटना थी।

ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवन विवेक एम ने बताया कि आरोपी जगन्नाथ साहू उर्फ ​​जगा ने पुलिसकर्मियों की एक टीम पर तब हमला किया, जब उसे बौरी सुकुंडा क्षेत्र में हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

एसपी ने बताया, ‘‘जगा कथित तौर पर एक ऐसे व्यक्ति पर तलवार से हमला करने में शामिल था, जिस पर कई आपराधिक गतिविधियों का आरोप था। जब हमारी टीम उसके ठिकाने पर पहुंची, तो जगा ने उन पर हमला किया और मौके से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में, पुलिस टीम की ओर से की गई गोलीबारी में वह घायल हो गया।’’

एक अधिकारी ने बताया कि जगा को इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया और उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

जगा और उसके भाई बलिया पर शनिवार रात ब्रह्मपुर शहर के अंबिका नगर इलाके में आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोपी एक व्यक्ति पर बेरहमी से हमला करने का आरोप है। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद निवासियों में व्यापक आक्रोश और दहशत फैल गई।

यह शहर में तीसरी पुलिस मुठभेड़ थी। इससे पहले 16 मई को कीर्तिपुर में हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया था, जिसकी पहचान दिपुना नायक के रूप में हुई। चार दिन बाद, गिरि रोड पर एक व्यक्ति पर हमले का आरोपी मुकेश साहू पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप