भुवनेश्वर, 17 नवंबर (भाषा) ओडिशा के अंगुल जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना बृहस्पतिवार रात किशोर नगर के पास बरगापाली में हुई। बस का टायर फटने के कारण पीड़ित उससे उतरकर सड़क पर खड़े थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया । ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान झारसुगुड़ा जिले के नयन कुमार नायक, घनश्याम और सुंदरगढ़ जिले के आनंद नायक के रूप में की गई है।
जहां दो यात्रियों ने रेढ़ाखोल अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं एक अन्य की किशोरनगर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अन्य यात्री त्रिलोचन नायक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
किशोर नगर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम करने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
भाषा खारी नरेश
नरेश