भुवनेश्वर, तीन जुलाई (भाषा) ओडिशा सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत ‘मो’ बस के बेड़े में 400 इलेक्ट्रिक बस (ई-बस) शमिल करने का फैसला किया है। आवास और शहरी विकास विभाग के मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्रा ने बुधवार को यह जानकारी दी।
महापात्रा ने मास्टर कैंटीन से प्रेस स्क्वायर तक ‘मो’ बस में यात्रा की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत की और ओडिशा सरकार की सिटी बस सेवा ‘मो बस’ में यात्रा के उनके अनुभवों के बारे में पूछा।
पत्रकारों से बातचीत में महापात्रा ने कहा, ‘हम पिछले छह साल से अच्छा काम कर रहे हैं। 400 बस में से 63 ई-बस हैं। भविष्य में ये सभी ई-बस होंगी। भुवनेश्वर में 100, कटक में 100, संबलपुर में 50 और राउरकेला में 100 बस चलाने की योजना है।’
उन्होंने कहा कि ‘मो बस’ सेवा नागरिकों को सुविधाजनक व सुरक्षित आवागमन के विकल्प प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि बस के नियमित यात्रियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।
मंत्री ने कहा, ‘नागरिकों की जरूरत के आधार पर बस की संख्या बढ़ाई जाएगी। हम विभिन्न स्थानों पर स्थिति की जांच कर रहे हैं. जहां भी आवश्यक होगा, वहां बस सेवा प्रदान की जाएगी।’
भाषा
योगेश अविनाश
अविनाश