कटक के पास 870 एकड़ में ‘सिलिकॉन वैली’ विकसित करेगा ओडिशा : माझी
कटक के पास 870 एकड़ में ‘सिलिकॉन वैली’ विकसित करेगा ओडिशा : माझी
भुवनेश्वर, 18 सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को राज्य में सेमीकंडक्टर और आईटी में निवेश आकर्षित करने के लिए कटक के पास नारज में 870 एकड़ में ‘सिलिकॉन वैली’ विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, माझी ने नयी दिल्ली में आयोजित ‘सेमिकॉन इंडिया 2026’ में भाग लेने के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित केंद्र में प्रमुख सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि नारज रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है और यहां बेहतर संपर्क सुविधा तथा औद्योगिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध है।
यह स्थल कटक-भुवनेश्वर शहरी गलियारे से जुड़ा हुआ है और पारादीप तथा धामरा समेत प्रमुख बंदरगाहों के साथ-साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों तक संपर्क उपलब्ध कराता है।
अधिकारियों के अनुसार, सेमीकंडक्टर निर्माण और असेंबली इकाइयों के लिए पानी और बिजली की भरोसेमंद आपूर्ति आवश्यक होती है। महानदी के पास स्थित होने से नारज को औद्योगिक कार्यों के लिए जल जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से लाभ मिलेगा।
राज्य के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण केवल अलग-अलग परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय सेमीकंडक्टर निवेश के आसपास एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का है।
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


