ओडिशा : पुलिस के साथ मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो डकैत घायल

ओडिशा : पुलिस के साथ मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो डकैत घायल

ओडिशा : पुलिस के साथ मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो डकैत घायल
Modified Date: June 18, 2026 / 06:33 pm IST
Published Date: June 18, 2026 6:33 pm IST

भुवनेश्वर, 18 जून (भाषा) ओडिशा के अंगुल जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो हथियारबंद डकैत घायल हो गए। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक मुठभेड़ के बाद दोनों घायल डकैतों के अलावा दो अन्य डकैतों को भी गिरफ्तार किया गया। अन्य दो डकैत भी महाराष्ट्र के हैं।

इसमें कहा गया है कि सीसीटीवी तस्वीरों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने एक कार का पीछा किया जिसमें आरोपी बुधवार रात तालचर स्थित आभूषण की एक दुकान से ​​सोने-चांदी के जेवरात लूटकर राष्ट्रीय राजमार्ग-55 के रास्ते संबलपुर की ओर भाग रहे थे।

विज्ञप्ति के मुताबिक उन्हें हंडापा पुलिस थाना इलाके में चुलियापुर जंगल के पास रोका गया, जहां उन्होंने कार छोड़ दी और पैदल भागने की कोशिश की।

बयान के अनुसार, डकैतों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की और जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान सचिन गजगे और प्रकाश मडने के तौर पर की गई। उन्हें अंगुल ज़िला अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दो अन्य आरोपियों की पहचान राजेश मडने और देब प्रभाकर लोखंडे के तौर की गई है। लूटे गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस और कार जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में