ओडिशा: सतर्कता विभाग ने दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा

Ads

ओडिशा: सतर्कता विभाग ने दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 06:58 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 06:58 PM IST

भुवनेश्वर, 27 मई (भाषा) ओडिशा के सतर्कता विभाग ने बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर दो सरकारी अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता विभाग के दस्ते ने क्योंझर जिले के चंपुआ में तैनात सहायक नागरिक आपूर्ति अधिकारी (एसीएसओ) को एक शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए दबोच लिया। यह मामला मौजूदा खरीफ मौसम के दौरान हाल ही में की गई धान खरीद से जुड़ा है।

आरोप है कि वह अन्य धान खरीद केंद्रों से भी रिश्वत की मांग कर रहा था। उसके पास से रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई है।

अधिकारियों ने बताया कि जाल बिछाकर की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी अधिकारी के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

इसी तरह, सुंदरगढ़ के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के एक कनिष्ठ अभियंता को ओडिशा सतर्कता विभाग ने एक ठेकेदार से 5,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए गिरफ्तार किया है।

ठेकेदार द्वारा संबंधित कार्य पूरा कर लिए जाने के बाद भी कनिष्ठ अभियंता सुरक्षा जमा राशि जारी करने की फाइल को आगे नहीं बढ़ा रहा था। इसके बजाय, उसने 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

इस बीच, भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारियों ने कनिष्ठ अभियंता से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है।

सतर्कता अधिकारियों ने भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम के तहत दोनों अधिकारियों के खिलाफ क्रमशः बालासोर और राउरकेला पुलिस थानों में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

भाषा सुमित नरेश

नरेश