TMC Leaders Viral Video: बनियान-बॉक्सर में सड़क पर घुमाए गए TMC के नेता! पश्चिम बंगाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इन अपराधों में रह चुके हैं शामिल

Ads

West Bengal Police Action: पश्चिम बंगाल में इन दिनों पुलिस कार्रवाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े स्थानीय नेताओं और दबंगों को पुलिस सार्वजनिक रूप से घुमाती दिखाई दे रही है।

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 07:26 PM IST

TMC LEADER/ image osurce: aditytiwarilive x handle

HIGHLIGHTS
  • पुलिस कार्रवाई के वीडियो वायरल
  • टीएमसी नेताओं पर बड़ी कार्रवाई
  • डॉन आकाश की चर्चा तेज

TMC Leaders Viral Video: पश्चिम बंगाल में इन दिनों पुलिस कार्रवाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े स्थानीय नेताओं और दबंगों को पुलिस सार्वजनिक रूप से घुमाती दिखाई दे रही है। सबसे ज्यादा चर्चा हावड़ा जिले की घटनाओं को लेकर हो रही है। वायरल वीडियो में कहीं आरोपियों को आधे कपड़ों में हथकड़ी लगाकर ले जाया जा रहा है, तो कहीं किसी के सिर और चेहरे के बाल मुंडवाकर इलाके में घुमाया जा रहा है। एक वीडियो में आरोपी की कमर में रस्सी बांधकर पुलिस उसे सड़कों पर ले जाती नजर आ रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को घटनास्थलों की पहचान, अपराध से जुड़े सबूत जुटाने और कथित उगाही नेटवर्क की जांच के लिए मौके पर ले जाया गया था।

West Bengal police action: टीएमसी नेताओं पर बड़ी कार्रवाई

हालांकि इस कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। टीएमसी नेताओं ने पुलिस की इस कार्यशैली को मानवाधिकार और कानून की मूल भावना के खिलाफ बताया है। पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि सरकार का काम “सर्कस चलाना” नहीं है और पुलिस को जरूरत से ज्यादा ताकत देकर संस्थागत क्रूरता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Don Akash arrest: डॉन आकाश की चर्चा तेज

इन मामलों में सबसे ज्यादा चर्चा कुख्यात अपराधी आकाश सिंह उर्फ ‘डॉन आकाश’ की हो रही है। पुलिस ने उसे 14 मई को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें पुलिस पर हमला और बमबाजी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस उसे हावड़ा के गोलाबाड़ी और मलिपांचघरा इलाके में घटनास्थलों की पहचान कराने ले गई थी। इस दौरान वह बनियान और बॉक्सर में दिखाई दिया, जबकि उसका सिर और चेहरा पूरी तरह मुंडा हुआ था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आकाश सिंह ने गर्मी की वजह से खुद बाल कटवाने की इच्छा जताई थी। जांच एजेंसियां इस दौरान उसके कथित उगाही नेटवर्क और पुराने अपराध स्थलों की भी जांच कर रही थीं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि आकाश सिंह को हावड़ा के पूर्व विधायक गौतम चौधरी का करीबी माना जाता रहा है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इन वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति का उदाहरण बताया।

इसी तरह हावड़ा के शिवपुर इलाके में टीएमसी के वार्ड 36 अध्यक्ष शमीम अहमद उर्फ ‘गब्बर’ को भी पुलिस हथकड़ी लगाकर इलाके में घुमाती नजर आई। उसे मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने 21 मई को गिरफ्तार किया था। वह पोस्ट-पोल हिंसा मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जिसमें बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा की रैली पर बम और गोलीबारी हुई थी। पुलिस ने उसके घर पर छापा मारकर अवैध निर्माण, छिपी सीढ़ियां, छत पर कथित जुआ अड्डा और 140 बकरियां बरामद करने का दावा किया है।

वहीं संकरैल इलाके में साहिन मोल्ला उर्फ ‘सनी’ को कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाए जाने का वीडियो भी वायरल हुआ। उस पर स्थानीय दुकानदारों से उगाही करने के आरोप हैं। इन घटनाओं के बीच पश्चिम बंगाल में अपराध और उगाही के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चल रहा है। हालांकि बीजेपी इसे सख्त कानून व्यवस्था बता रही है, जबकि टीएमसी इसे राजनीतिक प्रतिशोध और मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला बता रही है।