अधिकारी नियमों के अनुसार ही मुफ्त रेल यात्रा के हकदार: वैष्णव ने महाराजा एक्सप्रेस से यात्रा पर कहा

Ads

अधिकारी नियमों के अनुसार ही मुफ्त रेल यात्रा के हकदार: वैष्णव ने महाराजा एक्सप्रेस से यात्रा पर कहा

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 08:21 PM IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि अधिकारियों को अपने परिवार के साथ भारतीय रेलवे की ट्रेनों में यात्रा करने का अधिकार केवल नियमों के अनुसार ही है।

वैष्णव ने ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ और ‘महाराजा एक्सप्रेस’ जैसी आलीशान ट्रेनों में अधिकारियों को उनके जीवनसाथियों के साथ मुफ्त यात्रा की अनुमति देने के औचित्य से संबंधित एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

तमिलनाडु के सांसद वी.एस. माथेस्वरन ने यह मुद्दा उठाते हुए रेल मंत्री से उन रेल अधिकारियों के नाम और पदनाम की जानकारी देने की मांग की थी, जिन्हें 2012 से इन आलीशान ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की अनुमति दी गई है।

’पैलेस ऑन व्हील्स’ और ‘महाराजा एक्सप्रेस’ देश की सबसे आलीशान ट्रेनें हैं, जिनका किराया प्रति व्यक्ति 4 लाख रुपये से लेकर 22 लाख रुपये तक है, जो ‘क्लास और टूर श्रेणियों’ पर निर्भर करता है।

माथेस्वरन ने आधिकारिक ड्यूटी पर तैनात रेलवे अधिकारियों को सरकारी खर्च पर इन विलासितापूर्ण ट्रेनों में अपने जीवनसाथी के साथ यात्रा करने की अनुमति देने की वजह भी बताने की मांग की थी।

वैष्णव ने कहा, ‘‘रेल अधिकारी केवल रेल सेवक (पास) नियम, 1986 के अनुसार ही भारतीय रेलवे की ट्रेनों में अपने परिवार के साथ यात्रा करने के हकदार हैं।’’

भाषा

सुभाष अविनाश

अविनाश