रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारियों को उसी जिले में दोबारा तैनात न किया जाए: हरियाणा एसीबी
रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारियों को उसी जिले में दोबारा तैनात न किया जाए: हरियाणा एसीबी
चंडीगढ़, 18 सितंबर (भाषा) हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को कहा कि सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया गया है कि रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारियों और कर्मचारियों को उसी जिले में दोबारा तैनात नहीं किया जाए।
राज्य सतर्कता एवं एसीबी के प्रमुख अरशिंदर सिंह चावला ने कहा कि यह निर्णय एसीबी की उच्चाधिकार समिति में विचार-विमर्श के बाद लिया गया।
चावला ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि कई मामलों में यह देखा गया कि किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई किए जाने के बाद उसे उसी जिले में दोबारा तैनात कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य विफल हो सकता है और व्यवस्था में जनता के विश्वास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर एसीबी की उच्चाधिकार समिति में चर्चा की गई और आवश्यक कार्रवाई के लिए एक प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा गया।
चावला ने कहा कि अब सभी सरकारी विभागों को पत्र भेजकर कहा गया है कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को उसी जिले में दोबारा तैनात करने से बचा जाए, जहां उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया था।
उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 138 सफल कार्रवाई की गई हैं, जिनमें सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


