उमर को आत्ममंथन करना चाहिए : विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप पर भाजपा का पलटवार

Ads

उमर को आत्ममंथन करना चाहिए : विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप पर भाजपा का पलटवार

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 04:43 PM IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के उस आरोप को लेकर तीखा हमला बोला, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा उनकी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायकों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश कर रही है।

पार्टी ने कहा कि ‘‘अटकलबाजी और निराधार’’ आरोप लगाने के बजाय उमर अब्दुल्ला को यह ‘‘आत्ममंथन’’ करना चाहिए कि उनकी पार्टी में किस तरह के नेता हैं।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री अब्दुल्ला के इस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने शनिवार को दावा किया था कि उनकी पार्टी के विधायकों को पाला बदलने के लिए 20-30 करोड़ रुपये की पेशकश की गयी है।

उमर अब्दुल्ला ने अपनी दादी अकबर जहां की 26वीं पुण्यतिथि पर हजरतबल में अपने दादा-दादी की मजार पर नेकां कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि भाजपा उनके विधायकों को खरीदने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर रही है।

इस बारे में पूछे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने उमर अब्दुल्ला के आरोपों को स्पष्ट रूप से ‘‘अटकलबाजी और पूरी तरह निराधार’’ बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी ऐसे कदम में विश्वास नहीं करती जो लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाए या लोकतांत्रिक भावना के विपरीत हो।

पात्रा ने कहा, ‘‘मुझे यह बात बहुत हैरान करने वाली लगती है, जब कोई नेता अपनी ही पार्टी के सदस्यों के बारे में इस तरह बात करता है और यह दावा करता है कि उसके लोग 30 करोड़ रुपये या 12 करोड़ रुपये जैसी रकम में खरीदे जा सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह मुझे उस समय की याद दिलाता है जब सुषमा (स्वराज) ने संसद में सवाल किया था: क्या आपके सांसद बिकाऊ हैं? क्या आपके विधायक बिकाऊ हैं?… क्या आपको अपने ही नेताओं पर इतना भी भरोसा नहीं है कि आप यह विश्वास कर सकें कि वे खुद को नहीं बेचेंगे?’’

पात्रा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अगर ऐसा मामला है, तो इस बात पर कुछ आत्ममंथन होना चाहिए कि पार्टी में किस तरह के लोग हैं जिन्हें खरीदा जा सकता है।’’

भाजपा के राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए उनके आरोप को ‘‘बेहद गैर-जिम्मेदाराना और बेबुनियाद’’ बताया था।

त्रिवेदी ने मांग की थी कि जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री या तो अपने आरोपों को साबित करने के लिए ‘‘सबूत’’ दें या फिर उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रवक्ता एवं विधायक आर एस पठानिया ने कहा कि अगर अब्दुल्ला माफी नहीं मांगते हैं, तो भाजपा ‘‘लोगों के बीच भ्रम पैदा करने के मकसद से गुमराह करने वाले और बेबुनियाद आरोप लगाने के लिए उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेगी।’’

पठानिया ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री अब्दुल्ला को उन विधायकों के नाम बताने चाहिए, जिन्हें कथित तौर पर पैसे की पेशकश की गई थी, इसमें शामिल भाजपा नेताओं की पहचान करनी चाहिए और यह भी बताना चाहिए कि यह पेशकश कब और कहां की गई थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर ऐसी कोई गंभीर घटना हुई थी, तो इसकी जानकारी जांच एजेंसियों को क्यों नहीं दी गई? मुख्यमंत्री अधिकारियों के सामने सबूत पेश किए बिना ऐसे आरोप नहीं लगा सकते।’’

भाषा देवेंद्र सुभाष

सुभाष