जयपुर, पांच मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह जनता को धोखे में रख कर किया गया है।
पायलट ने कहा कि नीतीश कुमार ने अगर यह घोषणा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले की होती, तो वहां परिणाम कुछ और आते।
कांग्रेस नेता ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘जो कुछ भी हो रहा है… यह जनता को धोखे में रख कर किया गया है। अगर आप (नीतीश) छह महीने पहले बोल देते कि मुझे राज्यसभा में जाना है तो हो सकता है कि बिहार चुनाव के परिणाम कुछ और आते।’
उल्लेखनीय है कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
पायलट ने कहा, ‘‘आपने (नीतीश कुमार ने) अपने चेहरे पर चुनाव लड़ा, वोट लिए, जनता ने आपको चुनकर भेजा। अब आप ‘हट’ रहे हैं… किसके दबाव में कर रहे हैं? अपनी इच्छा से कर रहे हैं या मन मारकर कर रहे हैं? इनका कुछ पता भी नहीं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि वैसे भी नीतीश कुमार का बहुत बार मन बदला है। उन्होंने कहा ‘‘कभी इस पाले में, कभी उस पाले में…। अब वह दिल्ली आ रहे हैं। बिहार में क्या होगा? क्या दुबारा भाजपा वहां उन पर दबाव बनाकर सत्ता हासिल करेगी? मैं नहीं कह सकता।’’
ईरानी नौसैनिक पोत ‘आईरिस देना’ के मामले में पायलट ने कहा भारत सरकार की ‘चुप्पी’ गलत है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जिस पोत को भारत के इतने पास ध्वस्त किया गया है कि वह हमारे सैन्य अभियान में शामिल होने के लिए आया था। तो कहीं न कहीं हम लोगों को खड़े होकर बोलना पड़ेगा कि क्या सही है क्या गलत है। लेकिन लगातार विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की जो चुप्पी है उसको दुनिया देख रही है। यह हमारे देश के हित के लिए सही नहीं है।’’
भाषा पृथ्वी मनीषा रंजन
रंजन