मुंबई, पांच मार्च (भाषा) मुंबई के माहिम इलाके में मराठी थिएटर निर्माता अशोक हांडे पर हमला करने और उनके कार्यालय में तोड़फोड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
माहिम थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक मार्च को मटुंगा (पश्चिम) में हांडे के भूतल स्थित कार्यालय में यह घटना हुई।
शिकायत के अनुसार, उसी इलाके में रहने वाला प्रथमेश पांडुरंग उन्फोडे उर्फ बंटी (53) एक बल्ला लेकर कार्यालय पहुंचा और उसने सबसे पहले कार्यालय का शीशा तोड़ दिया।
शिकायत में कहा गया है कि हांडे के अपने केबिन से बाहर आने पर आरोपी ने उनके द्वारा निर्मित सांस्कृतिक मंच शो ‘मराठी बाणा’ के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों के लिए ‘पार्किंग शुल्क’ की मांग की।
जब हांडे ने कहा कि उन्फोडे का उस क्षेत्र से कोई लेना-देना नहीं है जहां वाहन खड़े किए गए थे और उन्होंने भुगतान करने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हे गाली दी और बल्ले से मारा।
कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि उन्फोडे के खिलाफ मारपीट, आपराधिक धमकी और सरकारी कामकाज में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा यासिर रंजन
रंजन